बीएसपी प्रबंधन एससी/एसटी विद्यार्थियों से ट्यूशन फीस लेने का फैसला वापस लेगा
एससी/एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन के विरोध के बाद प्रबंधन ने दिया एक सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) द्वारा संचालित विद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों से ट्यूशन फीस लिए जाने के निर्णय का बीएसपी एससी/एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन ने कड़ा विरोध किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने बताया कि इस संबंध में एसोसिएशन ने कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) से मुलाकात कर निर्णय को वापस लेने की मांग की।बएसोसिएशन का कहना है कि बीएसपी प्रबंधन का यह निर्णय एससी/एसटी विद्यार्थियों के हितों के विपरीत है। अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा संचालित कई उच्च शिक्षण संस्थानों, जिनमें आईआईटी और एनआईटी शामिल हैं, में एससी/एसटी विद्यार्थियों के लिए ट्यूशन फीस में छूट का प्रावधान है। ऐसे में सेल द्वारा घोषित प्रावधानों के अनुरूप बीएसपी के विद्यालयों में भी एससी/एसटी विद्यार्थियों से ट्यूशन फीस नहीं ली जानी चाहिए। एसोसिएशन ने मांग की है कि सेल के घोषित प्रावधानों को बीएसपी के विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू किया जाए तथा इससे संबंधित आदेश अथवा परिपत्र की प्रति एसोसिएशन को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही विद्यार्थियों से पहले ही काटी गई ट्यूशन फीस की राशि वापस करने की भी मांग की गई है। इस संबंध में एसोसिएशन ने बीएसपी के निदेशक प्रभारी, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन), मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन), शिक्षा अधिकारी एवं लाईजन ऑफिसर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की एसोसिएशन के अनुसार, बीएसपी प्रबंधन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि एक सप्ताह के अंदर ट्यूशन फीस लेने का फैसला वापस ले लिया जाएगा और कटौती की गई राशि भी वापस की जाएगी।
Subscribe to my channel


