ब्रेकिंग न्यूज़

सुपेला गदा चौक से शराब दुकान हटाने की मांग तेज, जनहित संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन

पांच साल से जारी है आंदोलन, कमिश्नर ने जल्द दुकान हटाने का दिया आश्वासन

भिलाई। सुपेला गदा चौक स्थित देशी शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर जनहित संघर्ष समिति ने नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह को ज्ञापन सौंपा। समिति के संरक्षक कन्हैया सोनी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि शराब दुकान हटाने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इसे हटाया जाएगा।युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष मदन सेन, संयोजक शारदा गुप्ता और पारस जंघेल के नेतृत्व में पिछले पांच वर्षों से शराब दुकान हटाने के लिए आंदोलन किया जा रहा है। इस दौरान धरना-प्रदर्शन, मशाल जुलूस और मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए पदयात्रा सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। समिति के अनुसार, वर्ष 2021 में करीब चार हजार लोगों ने हस्ताक्षर कर दुकान हटाने की मांग की थी। मदन सेन ने कहा कि अंग्रेजी शराब दुकान हटाए जाने के बाद देशी शराब दुकान में भीड़ बढ़ गई है। मुख्य मार्ग पर स्थित दुकान के कारण यातायात बाधित होने, गंदगी, गाली-गलौज और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस मार्ग से कोहका, स्मृति नगर, शांति नगर और वैशाली नगर के लोगों के साथ विद्यार्थी, महिलाएं और मरीज भी गुजरते हैं। शारदा गुप्ता ने कहा कि लगातार आश्वासन मिलने से लोगों में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है। समिति ने शराब दुकान को आबादी और व्यस्त मार्ग से दूर स्थानांतरित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।ज्ञापन सौंपने वालों में कन्हैया सोनी, बंटी नाहर, राजेश केसरवानी, विनोद उपाध्याय और निशु पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button