ब्रेकिंग न्यूज़

राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन संपन्न, 500 युवक-युवतियों ने दिया परिचय

गुरु घासीदास सेवा समिति के आयोजन में विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच से बताया अपना परिचय, योग्य जीवनसाथी की तलाश में जुटे परिवार

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। गुरु घासीदास सेवा समिति सेक्टर-6 भिलाई के तत्वावधान में सतनाम भवन सेक्टर-6 में छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों एवं दूरस्थ अंचलों से पहुंचे लगभग 500 युवक-युवतियों ने ऑनलाइन एवं आयोजन स्थल पर पंजीयन कराकर अपना परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे, कार्यकारिणी सदस्यों एवं समाज के वरिष्ठजनों द्वारा बाबा गुरु घासीदास जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात जवाहर कौशल, एस.आर. नवरंगे एवं उनके साथियों ने मंगल भजनों की प्रस्तुति दी। स्वागत उद्बोधन में अध्यक्ष बी.एल. कुर्रे ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिचय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च और समय की बर्बादी को रोकना है। इस मंच के माध्यम से विवाह योग्य युवक-युवतियां समाज के समक्ष अपना परिचय दे सकेंगे और दोनों पक्षों के परिवार एक ही स्थान पर आपसी संवाद कर अपने बच्चों के लिए योग्य जीवनसाथी का चयन कर सकेंगे। समिति द्वारा काउंसलिंग की व्यवस्था भी की गई थी। सम्मेलन में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक मंच पर पहुंचकर अपना परिचय दिया। इस दौरान समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में पद्मश्री राधेश्याम बारले, पूर्व अध्यक्ष टी.आर. कोसरिया, गेंदलाल राय, एस.के. केसकर, उर्मिला भास्कर, एस.पी. बारले, एच.एल. रात्रे, के.के. खेलवार, बंशीलाल कुर्रे, सुशीला सोनवानी, अंजली बरमाल, द्रौपदी जोशी, कृष्णा कोसले, वेदप्रकाश महेश्वरी, बबलू त्रिवेंद्र, रामजी गायकवाड़, भागीरथी बघेल, शांतिलाल मिर्चे, डॉ. केशव देशलहरा, डॉ. सुशीला बंजारे सहित अनेक सामाजिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवक-युवतियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन महासचिव नेतराम गिलहरे, सह सचिव राजेंद्र महिलांगे एवं टेकराम बंजारे ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन नेतराम गिलहरे ने किया। अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मेलन का समापन किया गया।

Related Articles

Back to top button