ब्रेकिंग न्यूज़

भिलाई निगम की महत्वपूर्ण फाइलें जलने पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

डॉ. प्रदीप चौधरी बोले- फाइलें जली हैं या जानबूझकर जलाई गईं, सामने आनी चाहिए सच्चाई

भिलाई। भिलाई नगर निगम चुनाव से ठीक पहले नगर निगम की महत्वपूर्ण फाइलों के जलने का मामला गंभीर चिंता का विषय बन गया है। इस घटना को लेकर डॉ. प्रदीप चौधरी ने निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। डॉ. चौधरी ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर फाइलें जली हैं या जानबूझकर जलाई गई हैं? जिन दस्तावेजों के जलने की बात सामने आ रही है, उनमें कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और अन्य महत्वपूर्ण मामलों से जुड़े रिकॉर्ड होने की आशंका है। ऐसे में यह जांच जरूरी है कि इन फाइलों में कौन-कौन से दस्तावेज मौजूद थे और उनके नष्ट होने से किसे लाभ पहुंच सकता है।उन्होंने कहा कि भिलाई की जनता को नगर निगम में हुई घटनाओं की पूरी सच्चाई जानने का अधिकार है। यदि किसी ने जानबूझकर सबूत मिटाने या किसी को बचाने के उद्देश्य से दस्तावेज नष्ट किए हैं, तो ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। डॉ. चौधरी ने मांग की कि जली हुई फाइलों का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जाए। साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड, सर्वर और बैकअप के माध्यम से नष्ट हुए दस्तावेजों को पुनः प्राप्त करने का प्रयास किया जाए। उन्होंने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके और दूध का दूध, पानी का पानी हो सके।

Related Articles

Back to top button