ब्रेकिंग न्यूज़

बीएसपी आवास मामले में ऐतिहासिक राहत पर मुख्यमंत्री का जताया आभार

प्रेमप्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में सेवानिवृत्त कार्मिक एवं थर्ड पार्टी कल्याण संघ के प्रतिनिधिमंडल ने की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात

अनीता मिश्रा/ दीपक कुमार।  दुर्ग।  भिलाई नगर। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के आवासों से जुड़ी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान और राज्य शासन द्वारा दी गई ऐतिहासिक राहत के लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान भिलाई स्टील प्लांट के सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ एवं थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि बीएसपी टाउनशिप में रिटेंशन स्कीम के तहत निवासरत पूर्व कार्मिकों एवं थर्ड पार्टी आवास धारकों के सामने आवास नवीनीकरण और नियमितीकरण को लेकर लंबे समय से अनिश्चितता बनी हुई थी। इस समस्या के कारण हजारों परिवारों को भविष्य की चिंता सता रही थी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय एवं सांसद विजय बघेल के निरंतर प्रयासों तथा राज्य सरकार की संवेदनशील पहल से इस जटिल समस्या का सुगम और न्यायसंगत समाधान संभव हो सका है। प्रतिनिधियों ने कहा कि शासन के इस निर्णय से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली है और उनके आवास संबंधी भविष्य को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।प्रतिनिधिमंडल ने इस जनहितैषी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला भिलाई के हजारों परिवारों के लिए महत्वपूर्ण राहत साबित होगा।

Related Articles

Back to top button