स्वच्छता कमांडो को कमिश्नर सुंदरानी ने किया प्रेरित, कचरा पृथक्करण पर दिया जोर
भिलाई-चरोदा निगम में 176 स्वच्छता कमांडो कर रहे सफाई कार्य, स्वास्थ्य प्रभारी बीनू वर्मा भी रहे मौजूद

अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। भिलाई-चरोदा। नगर निगम भिलाई-चरोदा में सोमवार, 2 नवंबर को सप्ताह के प्रथम कार्यदिवस की शुरुआत स्वच्छता कमांडो की बैठक के साथ हुई। बैठक में निगम कमिश्नर एस.के. सुंदरानी ने स्वच्छता कमांडो से चर्चा कर वर्तमान कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान कर्मचारियों ने अपने कार्यों की स्थिति से उन्हें अवगत कराया। स्वास्थ्य प्रभारी बीनू वर्मा एवं उनकी पूरी टीम भी उपस्थित रही। गौरतलब है कि नगर निगम भिलाई-चरोदा क्षेत्र में वर्तमान में कुल 176 स्वच्छता कमांडो कार्यरत हैं, जो प्रतिदिन पूरे निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का संचालन कर रहे हैं। बैठक में कमिश्नर एस.के. सुंदरानी ने कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह उनकी सभी से पहली मुलाकात है। उन्होंने स्वच्छता कमांडो के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्रभावी एवं बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि घरों से कचरा संग्रहण के दौरान गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग प्राप्त करना सुनिश्चित करें। पेपर, पुठ्ठा, लोहा जैसी उपयोगी सामग्री को अलग कर बेचने से अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है। वहीं गीले कचरे को रिसाइक्लिंग के लिए आगे भेजा जाए। कमिश्नर ने कहा कि स्वच्छता कमांडो का योगदान शहर को स्वच्छता के मापदंडों में उत्कृष्ट स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सभी कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें।
Subscribe to my channel


