प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवजा, सरकार करा रही फसल क्षति का सर्वे : ललित चंद्राकर
चक्रवात ‘अर्नब’ से फसलों को हुए नुकसान का होगा आकलन, किसानों से टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देने की अपील

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। दुर्ग।दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक चंद्राकर ने बताया कि सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों एवं निर्धारित मानदंडों के अनुसार सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन को प्राथमिकता के साथ सर्वे कार्य पूरा कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस चुनौतीपूर्ण घड़ी में सरकार प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है। किसानों की मेहनत और उनके हितों की रक्षा के लिए राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। विधायक ललित चंद्राकर ने किसानों से अपील की है कि चक्रवात के कारण फसल को नुकसान पहुंचने पर घबराएं नहीं, बल्कि इसकी जानकारी शासन के टोल फ्री नंबर 14447 पर दें। इसके अलावा नजदीकी पटवारी, कृषि विभाग कार्यालय, जनपद अथवा तहसील कार्यालय में भी फसल क्षति की सूचना दर्ज कराएं, ताकि सर्वेक्षण में उनका नाम शामिल हो सके और नियमानुसार समय पर सहायता राशि मिल सके।
Subscribe to my channel


