ब्रेकिंग न्यूज़

संविधान दिवस से पहले डॉ. अंबेडकर प्रतिमा का सौंदर्यीकरण पूरा करने की तैयारी तेज

26 नवंबर को होगा प्रतिमा का भव्य अनावरण, बीएसपी के डायरेक्टर इंचार्ज होंगे मुख्य अतिथि

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र एससी/एसटी एम्पलाईज एसोसिएशन (पंजीयन क्रमांक 6976) की पहल पर डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से जारी है। इसी संबंध में एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने टाउनशिप विभाग के मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी ए.बी. श्रीनिवास के साथ बैठक की। बैठक में सौंदर्यीकरण के शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर चर्चा की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने बताया कि डॉ. अंबेडकर प्रतिमा के भव्य अनावरण समारोह का आयोजन आगामी 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर किया जाना निश्चित किया गया है। समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र के डायरेक्टर इंचार्ज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने प्रबंधन से आग्रह किया कि आयोजन की गरिमा और महत्व को देखते हुए सौंदर्यीकरण के सभी कार्य समय पर पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने बताया कि प्रतिमा के चारों ओर प्रकाश व्यवस्था, हरियाली विकसित करने के लिए बॉटल पाम ट्री का रोपण, टाइल्स एवं ग्रेनाइट लगाने सहित कई कार्य अभी शेष हैं। इसके अलावा डॉ. अंबेडकर सांस्कृतिक एवं खेल परिसर में प्रवेश और निकास द्वार का निर्माण तथा पानी की व्यवस्था भी की जानी है। इन कार्यों के पूरा होने से परिसर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही आयोजन में शामिल होने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। बैठक में टाउनशिप विभाग के मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी ए.बी. श्रीनिवास ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य लंबित कार्य भी प्रबंधन के संज्ञान में हैं और इन्हें पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम मंडावी, महासचिव विजय कुमार रात्रे, उपाध्यक्ष कुमार भारद्वाज एवं वेद प्रकाश सूर्यवंशी, संगठन सचिव परमेश्वर लाल कुर्रे, जोनल सचिव कालीदास बघेल और कोषाध्यक्ष अनिल कुमार खेलवार उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button