हॉस्पिटल सेक्टर के 724 परिवारों को वहीं मिले प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ : देवेंद्र यादव
बीएसपी के नोटिस जारी करने का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित, विधायक ने कलेक्टर से मिलकर रखी प्रभावित परिवारों की मांग

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने हॉस्पिटल सेक्टर में निवासरत 724 परिवारों की आवास संबंधी समस्याओं को लेकर दुर्ग कलेक्टर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बीएसपी प्रबंधन द्वारा लगातार जारी किए जा रहे नोटिस से प्रभावित परिवारों की परेशानियों से अवगत कराते हुए सभी 724 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ हॉस्पिटल सेक्टर में ही उपलब्ध कराने की मांग की। विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि हॉस्पिटल सेक्टर में रहने वाले परिवार लंबे समय से आवास संबंधी समस्या का सामना कर रहे हैं। बीएसपी की ओर से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जबकि इस मामले से संबंधित प्रकरण सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। ऐसी स्थिति में प्रभावित परिवारों के भविष्य और आवास के अधिकारों को लेकर शासन-प्रशासन को गंभीरता से पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित 724 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ किसी अन्य स्थान पर देने के बजाय हॉस्पिटल सेक्टर में ही आवास उपलब्ध कराया जाना चाहिए। सेक्टर-9 अस्पताल से इस क्षेत्र का सीधा जुड़ाव है और यहां निवासरत अधिकांश परिवारों का कामकाज भी अस्पताल से संबंधित है। ऐसे में इसी क्षेत्र में आवास की व्यवस्था होना आवश्यक है। विधायक ने कलेक्टर के समक्ष प्रभावित परिवारों की समस्याओं और उनकी मांगों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि शासन-प्रशासन परिवारों की परेशानियों को समझते हुए उनके हित में सकारात्मक निर्णय लेगा। देवेंद्र यादव ने स्पष्ट किया कि 724 परिवारों को उनका अधिकार और राहत दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर न्यायिक प्रक्रिया के साथ ही जमीनी संघर्ष और आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
Subscribe to my channel


