दिल्ली में अतुल पर्वत को मिला ‘कमला राइजिंग स्टार अवार्ड 2026’, भिलाई सहित छत्तीसगढ़ का बढ़ाया गौरव
कैन डू एवं पर्वत फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों को मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में हुआ सम्मान समारोह

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। छत्तीसगढ़ भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक एवं भिलाई कैन डू तथा पर्वत फाउंडेशन के अध्यक्ष अतुल पर्वत को दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित समारोह में प्रतिष्ठित ‘कमला राइजिंग स्टार अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान तथा उनकी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों के लिए प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, पूर्व राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं विधान परिषद सदस्य संजय प्रकाश मयूख तथा दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के हाथों अतुल पर्वत को यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कमला राइजिंग स्टार की अध्यक्ष निदर्शना गोवानी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर अतुल पर्वत ने कहा कि यह सम्मान मिलना केवल भिलाई ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाओं और उनके सदस्यों के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना उत्साहवर्धक है। इससे सामाजिक कार्यों को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। अतुल पर्वत ने कमला राइजिंग स्टार की अध्यक्ष निदर्शना गोवानी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय-समय पर इस प्रकार के सम्मान समारोह आयोजित होते रहने चाहिए। ऐसे आयोजन समाजसेवा से जुड़ी संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें मजबूत और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतुल पर्वत को मिले इस सम्मान से भिलाई और छत्तीसगढ़ के सामाजिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि प्रदेश की सामाजिक संस्थाओं के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।
Subscribe to my channel


