ब्रेकिंग न्यूज़

बारिश से पहले अलर्ट मोड में निगम, कसारीडीह नाला सफाई का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार । विशेष संवादाता

दुर्ग। आगामी बारिश को देखते हुए नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहर में जलभराव एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महापौर श्रीमती अलका बाघमार एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और निगम अमला लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहा है। इसी क्रम में लोक कर्म विभाग प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने वार्ड पार्षद दीपक साहू, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी शेखर दुबे के साथ सहगल ऑटो के समीप स्थित कसारीडीह नाला पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नालों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शंकर नाला मुक्तिधाम के पीछे से सफाई अभियान प्रारंभ कर सुराना कॉलेज केलबाड़ी नाला, पोटिया नाला तथा कसारीडीह नाला की व्यापक सफाई कराई जा रही है। साथ ही जलभराव संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कहा कि निगम प्रशासन बारिश पूर्व सभी आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। शहर के प्रमुख नालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव और नाली जाम जैसी समस्याओं से निपटने के लिए नियंत्रण व्यवस्था भी बनाई जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगम की टीम नियमित मॉनिटरिंग करेगी तथा शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button