प्रमोशन में निष्पक्षता व पारदर्शिता पर फेडरेशन का जोर
सेल एससी/एसटी इम्प्लाइज फेडरेशन की केंद्रीय कोर कमेटी ने बीएसपी प्रबंधन से की उच्चस्तरीय बैठक

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार भिलाई। सेल एससी/एसटी इम्प्लाइज फेडरेशन नई दिल्ली की छह सदस्यीय केंद्रीय कोर कमेटी ने भिलाई दौरा कर भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरंगा मंडल के नेतृत्व में आयोजित हुई। इस दौरान एससी/एसटी वर्ग के अधिकारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में एससी/एसटी वर्ग के अधिकारियों को तुलनात्मक रूप से निम्नतर ग्रेड प्रदान किए जाने से उनकी पदोन्नति प्रभावित होने और इसमें विलंब होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। फेडरेशन ने मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों के प्रमोशन की निष्पक्ष एवं पारदर्शी समीक्षा करने पर जोर दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरंगा मंडल ने भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर संग्रहालय एवं पुस्तकालय के प्रस्तावित निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने, आरक्षण नीति से संबंधित राष्ट्रपति के निर्देशों पर कार्यशाला आयोजित करने तथा छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम में स्थापित करने की मांग रखी। इसके अलावा वर्तमान एवं आगामी सीएसआर गतिविधियों में एसोसिएशन की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा एसोसिएशन पदाधिकारियों और निदेशक प्रभारी के बीच वर्ष में कम से कम दो बार बैठक आयोजित करने सहित कुल नौ मुद्दों पर चर्चा हुई। बीएसपी प्रबंधन ने सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। भिलाई एसोसिएशन के अध्यक्ष कोमल प्रसाद ने फेडरेशन भवन पर हुए अवैध कब्जे को तत्काल हटाकर भवन एसोसिएशन को सौंपने की मांग रखी। बैठक में बीएसपी के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्रा, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संजय द्विवेदी, शौमिक डे एवं लाइजन पदाधिकारी रोहित हरीत सहित केंद्रीय कोर कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उपेंद्र सिंकू, काशीनाथ मारंडी, श्रीनिवास, भगवान शेट्टी, शंभू कुमार, प्रदीप मलिक, विजय कुमार रात्रे, अनिल खेलवार, वेदप्रकाश सूर्यवंशी, कुमार भारद्वाज, कालिदास बघेल, हेमंत भुयार्य, धनंजय मेश्राम, नरेश चंद्रा, जितेंद्र भारती, लेखराम जी घरेंद्र, धरमपाल राम, संजय कुमार, कुंज लाल ठाकुर और यशवंत नेताम सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
Subscribe to my channel


