सेवा सेतु अभियान में एक छत के नीचे मिले विभाग, लोगों की समस्याओं का हुआ निराकरण
सांसद विजय बघेल ने कहा—सेवा और सुशासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना

भिलाई। पाटन। सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ ‘सेवा सेतु अभियान—सेवा के 25 वर्ष’ कार्यक्रम का आयोजन सतनाम भवन पाटन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण तथा जैतखंभ पर पुष्प अर्पित कर की गई। अभियान के तहत विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं एवं आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। चिकित्सा शिविर में उन्होंने स्वयं अपने बीपी एवं शुगर की जांच भी कराई। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से संवाद कर शिविर में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। सांसद विजय बघेल ने कहा कि सेवा का कार्य जन-जन के विश्वास से जुड़ा है। लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान के माध्यम से विभिन्न विभागों को एक ही स्थान पर लाकर समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में कीर्ति नायक, योगेश निक्की भाले, नीलम राजेश चंद्राकर, दयानंद सोनकर, कमलेश चंद्राकर, हर्षा लोकमणी चंद्राकर, राजेश चंद्राकर, एसडीएम गुप्ता, रानी बंछोर, ज्योति प्रकाश सोनी, राजा पाठक, बाबा वर्मा, दिलीप सोनी, केवल देवांगन एवं धर्मेंद्र जी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


