ब्रेकिंग न्यूज़

सांसद विजय बघेल बोले- सीपीआर सीखें, आपात स्थिति में बचाएं जीवन

जेएलएनएचआरसी में हैंड्स-ओनली सीपीसीआर प्रशिक्षण अभियान का एक वर्ष पूरा

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। जेएलएन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर जेएलएनएचआरसी के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग द्वारा ‘सेव ए लाइफ’ पहल के तहत संचालित मासिक ‘हैंड्स-ओनली सीपीसीआर’ प्रशिक्षण अभियान ने एक वर्ष पूरा कर लिया। इस अवसर पर अस्पताल के ओपीडी परिसर में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद विजय बघेल ने एक वर्ष से लगातार चल रहे प्रशिक्षण अभियान की सराहना करते हुए नागरिकों से सीपीआर सीखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में एंबुलेंस या विशेषज्ञ चिकित्सा सहायता पहुंचने से पहले तत्काल सीपीआर देना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता की जानकारी होनी चाहिए। सांसद ने अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं को बेहतर एवं उन्नत बनाने के लिए डॉ. उदय कुमार, सीएमओ एवं एचओएम के प्रयासों की विशेष सराहना की। अभियान डॉ. उदय कुमार एवं डॉ. संबिता पांडा, सीएमओ के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. तनुजा आनंद एवं डॉ. अमित अग्रवाल तथा डीएनबी रेजिडेंट्स ने मरीजों, परिजनों, कर्मचारियों एवं आगंतुकों को मैनिकिन के माध्यम से छाती पर कम्प्रेशन सहित सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम के बाद सांसद विजय बघेल ने ओपीडी, फार्मेसी सहित अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, मरीजों के बैठने की व्यवस्था और हेल्प डेस्क की सुविधाओं की सराहना की। हेल्प डेस्क पर वजन, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन सैचुरेशन की जांच की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने ‘मेरा गौरव, मेरा हॉस्पिटल’ सेल्फी पॉइंट पर फोटो खिंचवाई और मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मरीजों ने भी अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं की सराहना की।चिकित्सकों ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट कभी भी और कहीं भी हो सकता है। ऐसे समय पर समय पर शुरू की गई छाती की कम्प्रेशन जीवन बचाने में मददगार हो सकती है।

Related Articles

Back to top button