युवा संवाद : विजन 2047 में युवाओं की भूमिका पर सांसद विजय बघेल ने किया संवाद
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। भिलाई के जेपी ग्रेट, अवंतीबाई चौक, कोहका में ‘युवा संवाद—विजन 2047 में युवाओं की भूमिका’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ। मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल का गजमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान सांसद ने युवाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सदस्य क्रेडा, छत्तीसगढ़ शासन विजय साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में धर्मराज शर्मा एवं राजेन्द्र यादव उपस्थित रहे। अध्यक्षीय उद्बोधन में विजय साहू ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से विचलित हुए बिना भारत का मान-सम्मान पूरे विश्व में बढ़ाया। उन्होंने युवाओं से संस्कार, मूल्यों और आध्यात्मिक शक्ति को जीवन में बनाए रखने तथा राजनीति एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों में सत्यता और भारत के प्रति गौरव की भावना थी। वर्तमान को बेहतर बनाकर भविष्य का निर्माण करने के लिए युवाओं को भारत के गौरवशाली अतीत को जानना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में अनेक क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके सपनों का भारत बनाना वर्तमान पीढ़ी, विशेषकर युवाओं की जिम्मेदारी है। सांसद ने कहा कि युवा शक्ति में देश की दिशा और दशा बदलने की क्षमता है। युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर अपनी शक्ति एवं क्षमता को पहचानना चाहिए। उन्होंने युवाओं की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि अच्छे कार्यों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में वे सदैव युवाओं के साथ खड़े रहेंगे। इस अवसर पर पंकज शर्मा, परमजीत सिंह, इशांक गजपाल, अभिषेक वर्मा, अभिमान सिंह, उज्जवल सिंह, निखिल शर्मा, राजेन्द्र यादव, प्रदीप शाह, मुकेश पासवान, ओमप्रकाश साहू, प्रमोद शर्मा, बीपी पाल, बीखम राजपूत, हर्ष तिवारी, दिवासु शर्मा, आकाश यादव, दीपांशु ठाकुर, शंकर, योशु, योगेन्द्र साहू, शंकर वासनिक एवं उत्तम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


