नकांग्रेस का धरना राजनीतिक नौटंकी, मोदी सरकार ने जनता को दी राहत : प्रेम लाल साहू
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई–3। डीजल–पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए धरना–प्रदर्शन को भाजपा ने राजनीतिक दिखावा बताया है। भाजपा जिला भिलाई के प्रवक्ता प्रेम लाल साहू ने कांग्रेस पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक परिस्थितियों, कच्चे तेल की आपूर्ति में बाधा, युद्ध जैसी स्थिति और आर्थिक अस्थिरता के कारण दुनिया के कई देशों में पेट्रोल–डीजल के दामों में भारी वृद्धि हुई है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर आम जनता को राहत देने का कार्य किया है।प्रेम लाल साहू ने कहा कि यदि केंद्र सरकार करों में कमी नहीं करती, तो अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते देश में पेट्रोल–डीजल के दाम और अधिक बढ़ सकते थे। मोदी सरकार ने जनता के हित को प्राथमिकता देते हुए राहत पहुंचाने का प्रयास किया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में पेट्रोल की कीमत 34 रुपये थी, जो 2014 तक बढ़कर 72 रुपये पहुंच गई थी। मनमोहन सिंह सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में लगभग 30 बार कीमतों में वृद्धि हुई थी। उस दौरान कांग्रेस ने कोई जवाबदेही नहीं दिखाई, जबकि आज वही पार्टी विरोध प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता था, तब जनता को कितना लाभ दिया गया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मोदी सरकार महंगाई नियंत्रण, आर्थिक मजबूती और जनहित के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
Subscribe to my channel


