रिसाली के शक्ति विहार में भूमि विवाद सुलझाने प्रशासन सक्रिय, विधायक ललित चंद्राकर ने बनाई संयुक्त टीम
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग/रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड क्रमांक 28 स्थित शक्ति विहार में भूमि खसरा नंबर 1040/60, रकबा 1075 वर्गफीट की सीमाओं को लेकर उत्पन्न विवाद को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि पिछले कई दिनों से शक्ति विहार के रहवासी भूमि सीमांकन को लेकर परेशान हैं। सीमा स्पष्ट नहीं होने के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है और नागरिक लगातार शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने बताया कि नगर पालिक निगम रिसाली द्वारा पूर्व में इस संबंध में तहसील कार्यालय को पत्र भेजा गया था, लेकिन नागरिकों को शीघ्र राहत दिलाने के उद्देश्य से उन्होंने निगम आयुक्त को निर्देशित किया है कि राजस्व एवं भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम तत्काल गठित की जाए। यह टीम राजस्व अभिलेखों एवं मौके की स्थिति का मिलान कर संबंधित भूमि का शीघ्र सीमांकन करेगी तथा स्पष्ट प्रतिवेदन तैयार कर कॉलोनीवासियों और निगम कार्यालय को उपलब्ध कराएगी। विधायक चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में सुशासन का अर्थ जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण है। उन्होंने कहा कि शक्ति विहार की भूमि विवाद की समस्या हो या क्षेत्र की अन्य कोई भी समस्या, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सीमांकन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए और सभी पक्षों को मौके पर बुलाकर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार के विवाद की स्थिति न बने। निगम आयुक्त को 7 दिवस के भीतर सीमांकन कार्य पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक ने कहा कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास के साथ-साथ जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान ही उनका संकल्प है। भूमि विवादों के कारण नागरिकों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए प्रशासन को समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई कर जनता को राहत प्रदान करनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद एवं निगम अधिकारियों को कॉलोनीवासियों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा सीमांकन कार्य में पूर्ण सहयोग देने के निर्देश भी दिए।
Subscribe to my channel


