सेल एससी-एसटी इम्प्लाइज फेडरेशन की केंद्रीय समिति बैठक संपन्न कर्मचारियों के 17 मुद्दों पर प्रबंधन से चर्चा, कई मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई/दुर्ग। दुर्गापुर स्टील प्लांट के एचआरडी हॉल में सेल एससी-एसटी इम्प्लाइज फेडरेशन, नई दिल्ली की केंद्रीय समिति की बैठक सेल कॉर्पोरेट ऑफिस के अधिकारियों के साथ आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरंगा मंडल ने की।बैठक में भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व बीएसपी एससी-एसटी एम्प्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं केंद्रीय फेडरेशन के उपाध्यक्ष कोमल प्रसाद तथा कार्यकारी अध्यक्ष एवं केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य उत्तम कुमार मंडावी ने किया। बैठक के दौरान गोरंगा मंडल ने कहा कि सेल की विभिन्न इकाइयों में एससी एवं एसटी अधिकारियों की ग्रेडिंग खराब कर पदोन्नति में बाधा उत्पन्न की जाती है। उन्होंने इस व्यवस्था में सुधार की मांग की। फेडरेशन ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर पुरस्कार शुरू करने, बाबा साहब के जीवन एवं योगदान पर आधारित डिजिटल अभिलेखागार और संग्रहालय स्थापित करने, आदिवासी सांस्कृतिक केंद्र खोलने तथा जनजातीय भाषाओं एवं वाद्ययंत्रों के प्रशिक्षण की मांग भी रखी। इसके अलावा CSR गतिविधियों में एससी-एसटी एसोसिएशन को शामिल करने, बेरोजगार एससी, एसटी एवं ओबीसी युवाओं के लिए स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने तथा आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित करने हेतु खाली स्कूल भवन उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। केंद्रीय समिति ने प्रबंधन के समक्ष कुल 17 मुद्दे रखे। बैठक में सेल प्रबंधन की ओर से केके सिंह, राजीव पांडेय, मोलोय गोस्वामी, सुरजीत मिश्रा, सुष्मिता रॉय एवं एसएन पांडा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं फेडरेशन की ओर से गोरंगा मंडल, कोमल प्रसाद, उत्तम कुमार मंडावी सहित बोकारो, दुर्गापुर, राउरकेला, बर्नपुर, भद्रावती, माइंस, चासनाला, आलोय स्टील प्लांट और सेल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Subscribe to my channel


