सेक्टर-8 में निशुल्क योग, आयुर्वेद एवं एक्यूप्रेशर शिविर का समापन पांच दिवसीय शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ, नियमित योग करने का लिया संकल्प
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छत्रपति शिवाजी शाखा सेक्टर-8, पतंजलि योग समिति एवं सर्व हिंदू समाज के संयुक्त तत्वावधान में 22 मई से 26 मई 2026 तक आयोजित निशुल्क योग-प्राणायाम, आयुर्वेद एवं एक्यूप्रेशर चिकित्सा शिविर का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शिविर में पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। अंतरराष्ट्रीय नाड़ी वैद्य विशेषज्ञ डॉ. गणेश पांडे ने उपस्थित मरीजों का उपचार करते हुए अपने व्याख्यान में कहा कि शरीर की अधिकांश बीमारियों का उपचार हमारे घर की रसोई में उपलब्ध मसालों जैसे जीरा, मेथी, सरसों, अजवाइन एवं दालचीनी से संभव है। उन्होंने इन मसालों के औषधीय उपयोगों की विस्तृत जानकारी भी दी। प्रसिद्ध एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ श्रीमती हँसूमति सोनी ने एक्यूप्रेशर के माध्यम से स्वस्थ जीवन के उपाय बताए, वहीं डॉ. आर.पी. सिंह ने नेचरोपैथी से स्वास्थ्य लाभ के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। समापन अवसर पर उद्योगपति अनूप बंसल, पतंजलि योग समिति के राज्य सहप्रभारी, जिला अध्यक्ष नरेंद्र पटेल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुमन भारती सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से दिनबंधु जी, दुष्यंत साहू, देशपांडे जी, विमल तिवारी, मुकेश तिवारी, राजशेखर तिवारी एवं अशोक मिश्रा उपस्थित रहे। पतंजलि योग समिति के योग शिक्षकों टी.आर. सोनी, बिसेन जी, वर्मा जी, कावेरी चौधरी एवं लक्ष्मी बहन ने भी योग प्रशिक्षण प्रदान किया। शिविर में उपस्थित नागरिकों ने नियमित योग कक्षाएं संचालित करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की जानकारी पूर्व पार्षद मुकेश तिवारी ने प्रेस को दी।
Subscribe to my channel


