ब्रेकिंग न्यूज़

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन, नियमों में पुनर्विचार की मांग

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। नगर निकायों द्वारा लागू की जा रही नवीन ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था को लेकर व्यापारियों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में प्रशासन से इस व्यवस्था पर व्यावहारिक दृष्टि से पुनर्विचार करने की मांग की। व्यापारियों ने ज्ञापन में कहा कि वर्तमान में व्यापारी पहले से ही जीएसटी पंजीयन, दुकान एवं स्थापना पंजीयन, आयकर, खाद्य लाइसेंस, फैक्ट्री, प्रदूषण, फायर तथा नगर निगम से संबंधित विभिन्न अनुमतियों के अंतर्गत कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त संपत्ति कर, जल कर, विज्ञापन कर सहित अन्य स्थानीय करों का भी नियमित भुगतान किया जाता है। ऐसे में एक और लाइसेंस व्यवस्था व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक और प्रशासनिक बोझ बढ़ाने वाली साबित हो सकती है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि छोटे दुकानदार, स्वरोजगार से जुड़े लोग, स्टार्टअप और मध्यम वर्गीय प्रतिष्ठान पहले से ही महंगाई, किराया, बिजली बिल, कर्मचारी वेतन और बाजार प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। यदि ट्रेड लाइसेंस शुल्क और उसके नवीनीकरण की प्रक्रिया जोड़ी जाती है, तो व्यापारिक गतिविधियां और अधिक जटिल हो सकती हैं। प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” को बढ़ावा देने की बात करती हैं। ऐसे समय में नई लाइसेंस व्यवस्था लागू करना व्यापार सुगमता की भावना के अनुरूप नहीं दिखाई देता। उन्होंने कहा कि जिन व्यापारियों के पास पहले से वैध पंजीयन उपलब्ध हैं, उन्हें अलग से ट्रेड लाइसेंस लेने के लिए बाध्य करना दोहरावपूर्ण प्रक्रिया प्रतीत होती है। व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से सुझाव दिया कि छोटे व्यापारियों और सूक्ष्म उद्यमों को ट्रेड लाइसेंस से छूट दी जाए। साथ ही जिन प्रतिष्ठानों के पास पहले से वैध पंजीयन हैं, उन्हें अलग लाइसेंस से मुक्त रखा जाए। उन्होंने व्यवस्था को केवल जोखिम आधारित गतिविधियों तक सीमित करने तथा शुल्क को न्यूनतम रखने की मांग भी की। आवेदन प्रक्रिया को सरल, स्व-घोषणा आधारित और बिना उत्पीड़न वाली बनाने का आग्रह भी किया गया। इस दौरान मनोहर कृष्णानी, महेश, अजीत सिंह, चिन्ना राव, सुनील मिश्रा सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button