ब्रेकिंग न्यूज़

विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई के निधन पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जताया शोक फोन पर दी संवेदना, सेन परिवार को बंधाया ढांढस

अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई स्वर्गीय दिनेश सेन के निधन पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बुधवार को उन्होंने विधायक रिकेश सेन से फोन पर बातचीत कर इस दुखद घटना पर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और पूरे सेन परिवार को ढांढस बंधाया। गौरतलब है कि विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई दिनेश सेन का 17 मई को निधन हो गया था। उनकी स्मृति में 27 मई को भिलाई में एक गरिमामयी शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रीगण, सांसद, जनप्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।फोन पर हुई बातचीत के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि इस कठिन समय में पूरी भारतीय जनता पार्टी सेन परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायक रिकेश सेन को हिम्मत बनाए रखने की बात कहते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी दिवंगत दिनेश सेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

Related Articles

Back to top button