भिलाई में दिव्यांगजन पुनर्वास सेवाओं और केंद्र सरकार की योजनाओं पर जागरूकता शिविर आयोजित सीआरसी राजनांदगांव ने पुनर्वास सेवाओं, विशेष शिक्षा और रोजगार के अवसरों की दी जानकारी
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD) के अधीन संचालित समग्र क्षेत्रीय केंद्र (CRC), राजनांदगांव द्वारा सर्व समाज कल्याण समिति, भिलाई के सहयोग से कोहका, भिलाई में दिव्यांगजन पुनर्वास सेवाओं, प्रारंभिक हस्तक्षेप, शैक्षणिक पाठ्यक्रमों तथा केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह सहित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सीआरसी राजनांदगांव के अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वागत किया। शिविर में उपस्थित लोगों को फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, विज़न थेरेपी, स्पीच एवं हियरिंग सेवाएं, विशेष शिक्षा, क्लिनिकल साइकोलॉजी और प्रारंभिक हस्तक्षेप सहित विभिन्न पुनर्वास सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों में दिव्यांगता की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इस दौरान सीआरसी राजनांदगांव द्वारा संचालित डिप्लोमा इन इंडियन साइन लैंग्वेज इंटरप्रिटेशन (DISLI) तथा डी.एड. (स्पेशल एजुकेशन–आईडीडी) पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए पुनर्वास एवं विशेष शिक्षा के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। शिविर में दिव्यांगजनों के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सहायक उपकरण वितरण तथा कृत्रिम अंगों से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, आय प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की सलाह दी, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में प्रशांत मेश्राम, धर्मेन्द्र साहू, भानुप्रताप साहू, आकाश राय और दिलीप वर्मा सहित सीआरसी राजनांदगांव के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय प्रशासनिक अधिकारी नितिन देवांगन ने किया।
Subscribe to my channel


