ब्रेकिंग न्यूज़

आईएएस सुश्री सुरूचि सिंह ने संभाला भिलाई निगम आयुक्त का पदभार

अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया स्वागत, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बताया प्राथमिकता

दीपक कुमार ब्यूरो चीफ दुर्ग/भिलाई नगर। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह ने सोमवार को नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। राज्य शासन के स्थानांतरण आदेश के तहत उन्हें भिलाई नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पूर्व वे जिला पंचायत राजनांदगांव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। नगर निगम मुख्यालय पहुंचने पर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। इस अवसर पर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नवपदस्थ आयुक्त को विभागीय कार्यों, संचालित विकास परियोजनाओं एवं निगम की वर्तमान प्रगति की जानकारी दी। पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान निगम के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा हाल ही में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत आईएएस अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह को नगर पालिक निगम भिलाई का आयुक्त नियुक्त किया गया है। उनके प्रशासनिक अनुभव एवं कार्यकुशलता से नगर निगम के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button