उद्योग चैंबर भिलाई के प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त सुरुचि सिंह से की मुलाकात, उद्योगों की समस्याओं से कराया अवगत सड़क, स्वच्छता, जल निकासी और नगर निगम सेवाओं में सुधार की उठाई मांग, आयुक्त ने समाधान का दिया भरोसा
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की उद्योग इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को नगर निगम भिलाई की नवनियुक्त आयुक्त सुरुचि सिंह से सौजन्य भेंट कर पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के औद्योगिक क्षेत्रों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और लंबे समय से लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन तथा उद्योग चैंबर भिलाई के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। अजय भसीन ने आयुक्त के समक्ष औद्योगिक क्षेत्रों की सड़क एवं अधोसंरचना को मजबूत बनाने, स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, कर संबंधी व्यावहारिक समस्याओं तथा उद्योगों को उपलब्ध कराई जाने वाली नगर निगम सेवाओं में सुधार सहित कई महत्वपूर्ण विषय रखे। उन्होंने उद्योग-अनुकूल प्रशासनिक वातावरण विकसित करने पर भी जोर दिया। आयुक्त सुरुचि सिंह ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि नगर निगम प्रशासन उद्योगों एवं व्यापार जगत की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने तथा चरणबद्ध तरीके से समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करने का आश्वासन दिया। साथ ही उद्योग चैंबर के साथ नियमित संवाद और बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही। उद्योग चैंबर भिलाई के पदाधिकारियों ने आयुक्त के सकारात्मक एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उनके कार्यकाल में नगर निगम और औद्योगिक क्षेत्र के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा तथा उद्योगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों का त्वरित समाधान होगा, जिससे भिलाई के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, उद्योग चैंबर भिलाई के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, नरसिंह कुकरेजा, सरोजनी पाणिग्रही, मनोहर कृष्णानी, सुनील मिश्रा, सरमद इमाम, अखिलेश सिंह सहित उद्योग चैंबर भिलाई के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इसकी जानकारी शंकर सचदेव ने दी।
Subscribe to my channel


