नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा, 15 सितंबर तक संगठनात्मक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय प्रियदर्शिनी परिसर, सुपेला में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने चुनावी तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक का शुभारंभ भारत माता एवं भाजपा के प्रेरणास्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। बैठक में सांसद विजय बघेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, प्रभारी लक्ष्मी वर्मा, सहप्रभारी चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, भिलाई जिला प्रभारी रामजी भारती, कवर्धा प्रभारी महेश वर्मा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सवन्नी ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन से संबंधित सभी कार्य 15 सितंबर तक पूर्ण किए जाएं। उन्होंने बूथ से लेकर मंडल एवं जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनाव की ठोस तैयारी में जुटने का आह्वान किया। सांसद विजय बघेल ने कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। उनके लोकसभा क्षेत्र में पांच स्थानों पर नगरीय निकाय चुनाव होने हैं और सभी स्थानों पर कार्यकर्ताओं को पूरी एकजुटता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल चुनाव नहीं, बल्कि सरकार की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा विषय है। महापौर चुनाव भी महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत और समर्पण के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। पिछले 25 वर्षों में हुए विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। बैठक में नगरीय निकायवार चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों, बूथ स्तर की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के आपसी समन्वय तथा चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, एकजुटता और समन्वय के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। इस अवसर पर मनीष अग्रवाल, सुषमा जेठानी, बृजेश बिचपुरिया, रविशंकर सिंह, शिरीष अग्रवाल, निहारिका मिश्रा, दिव्या भसीन, वीरेंद्र साहू, निर्मला यादव, तुलसी साहू, भोजराज सिन्हा, बिजेंद्र सिंह, श्याम सुंदर राव, पूनम शुक्ला, चिन्ना केशवलु, गोपाल कृष्ण वर्मा, त्रिलोचन सिंह, विजय जायसवाल, विनोद सिंह, रश्मि सिंह, पारस जंघेल, भारती साहू, हेमंत देवांगन, योगेंद्र सिंह, तिलक यादव, सचिन ताम्रकार, मदन सेन, राजेंद्र सिंह, रवि कश्यप, जाकिर हुसैन, बॉबी चौहान, सुभाष शर्मा, दिनेश देवांगन, नरेश यादव, अब्दुल नासिर भाई सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


