स्कूली विद्यार्थियों में उद्यमिता की सोच विकसित करने शुरू हुआ प्रोत्साहन कार्यक्रम
आत्मनिर्भरता, नवाचार और नए रोजगार अवसरों को लेकर विद्यार्थियों को दिया मार्गदर्शन

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता।भिलाई। स्वावलंबी भारत अभियान एवं यंग जनरेशन भारत (YGB) द्वारा स्कूली विद्यार्थियों में उद्यमिता की सोच विकसित करने और उन्हें भविष्य के लिए आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम भिलाई शहर के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है। स्वावलंबी भारत अभियान के सह-समन्वयक एवं चेम्बर भिलाई इकाई के महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने, उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, नए व्यवसाय की संभावनाओं, नवाचार और समस्या समाधान के विषय में मार्गदर्शन दिया गया। अजय भसीन ने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नए रोजगार और अवसर पैदा करने वाला उद्यमी भी बन सकता है। छोटी उम्र से ही विद्यार्थियों में नवाचार, समस्या समाधान और उद्यमिता की सोच विकसित करने से वे भविष्य में समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा ने कहा कि बदलते समय के साथ रोजगार और व्यापार के स्वरूप में तेजी से बदलाव हो रहा है। नई तकनीक, डिजिटल प्लेटफॉर्म, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आए हैं। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रुचि के अनुसार इन अवसरों को पहचानकर भविष्य की तैयारी करनी चाहिए। चेम्बर के चेयरमैन दिनकर बसोतिया ने कहा कि उद्यमिता किसी भी देश के आर्थिक विकास, सामाजिक बदलाव और नवनिर्माण की रीढ़ है। यदि युवा विद्यार्थी कम उम्र से ही उद्यमिता की भावना को अपने विचारों में शामिल करें तो ऐसे प्रयास सार्थक होंगे। कार्यक्रम इंदु आई.टी. स्कूल तथा नेहरू उच्चतर माध्यमिक शाला, खुर्सीपार में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दोनों विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने चेम्बर के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी शंकर सचदेव ने दी।
Subscribe to my channel


