65 प्रतिशत तक झुलसी महिला को जेएलएन अस्पताल में मिला जीवनदान, स्किन बैंक की त्वचा से सफल उपचार
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। भिलाई इस्पात संयंत्र के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के अंतर्गत संचालित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएन चिकित्सालय) का एडवांस बर्न केयर विभाग गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विगत माह बालोद की एक महिला को करीब 65 प्रतिशत तक गंभीर रूप से झुलसने के बाद उपचार के लिए सेक्टर-9 अस्पताल के एडवांस बर्न केयर विभाग में भर्ती कराया गया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए बर्न विभाग की विशेषज्ञ टीम ने निरंतर निगरानी, समुचित उपचार, पोषण प्रबंधन, संक्रमण से बचाव तथा आवश्यक शल्य चिकित्सा के माध्यम से उसका उपचार किया। उपचार के दौरान स्किन बैंक से प्राप्त त्वचा का भी उपयोग किया गया, जिससे जले हुए हिस्सों को ढकने और संक्रमण के खतरे को कम करने में मदद मिली
। मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष (बर्न यूनिट) डॉ. उदय कुमार ने बताया कि अमेरिकन बर्न संगठन के मानकों के अनुसार शरीर का 40 प्रतिशत से अधिक जलना अत्यंत गंभीर स्थिति मानी जाती है। ऐसे मरीजों के उपचार में गहन चिकित्सा सुविधाएं, संक्रमण की रोकथाम और बेहतर पोषण प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने बताया कि सेक्टर-9 अस्पताल की बर्न यूनिट में गंभीर रूप से झुलसे मरीजों का उपचार आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा किया जा रहा है। प्लास्टिक सर्जन एवं स्किन बैंक प्रभारी डॉ. अनिरुद्ध मेने ने बताया कि गंभीर रूप से जले मरीजों के उपचार में स्किन बैंक से उपलब्ध त्वचा काफी उपयोगी साबित होती है। यह जले हुए हिस्से को ढकने के साथ संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद करती है। उन्होंने लोगों से स्किन डोनेशन के लिए आगे आने की अपील की। लंबे उपचार के बाद महिला के स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। परिवार ने बीएसपी प्रबंधन और चिकित्सालय की पूरी टीम के प्रति आभार जताया। मरीज के पति ने कहा कि बेहतर उपचार और चिकित्सकीय देखभाल के चलते उनकी पत्नी को नया जीवन मिला और बच्चों को फिर से अपनी मां का स्नेह मिल सका। डिस्चार्ज के बाद मरीज ने भी चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में बर्न विभाग की टीम का सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार, निरंतर सहयोग और मनोबल बढ़ाने वाला रवैया उनके लिए हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।
Subscribe to my channel


