ब्रेकिंग न्यूज़

संस्कृत सप्ताह में गुरुकुल कोसरंगी का दबदबा

एकल गीत में रुद्र आर्य प्रथम, नाट्य प्रतियोगिता में आर्ष कन्या गुरुकुल बी.के. बाहरा की छात्राओं ने मारी बाजी

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता। कोसरंगी। संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल से मान्यता प्राप्त विभिन्न संस्कृत विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संस्कृत गीत, नाट्य सहित विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गुरुकुल कोसरंगी के छात्र रुद्र आर्य ने एकल गीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर गुरुकुल का गौरव बढ़ाया। अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति, स्वर माधुर्य, स्पष्ट उच्चारण और भावाभिव्यक्ति से उन्होंने निर्णायकों को प्रभावित किया। वहीं संस्कृत सप्ताह के समापन अवसर पर आयोजित संस्कृत नाट्य प्रतियोगिता में आर्ष कन्या गुरुकुल बी.के. बाहरा की छात्राओं ने प्रथम स्थान हासिल किया। छात्राओं ने प्रभावशाली अभिनय, संवाद अदायगी और भावाभिव्यक्ति के माध्यम से संस्कृत भाषा एवं भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान संस्कृत सप्ताह के समापन समारोह में विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव एवं छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल के सचिव खंडेलवाल ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया। सम्मानित विद्यार्थियों में पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष के रामसागर आर्य, जितेश आर्य तथा उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष के गगन आर्य शामिल रहे। गुरुकुल कोसरंगी संस्कृत शिक्षा के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा एवं साहित्य के अध्ययन के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सेवा भावना और भारतीय जीवन दृष्टि से परिचित कराया जाता है। विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों के पीछे गुरुकुल के आचार्यगण एवं शिक्षकों के अथक परिश्रम, समर्पण और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सफलता से गुरुकुल परिवार में हर्ष का वातावरण है।

Related Articles

Back to top button