निगम आयुक्त सुरूचि सिंह ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने शहर में चल रहे एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नेहरू नगर पूर्व सीवर लाइन, चंद्रा मौर्या के सामने निर्माणाधीन हाइजीनिक फूड जोन, पावर हाउस जवाहर मार्केट, वार्ड क्रमांक 22 कुरूद में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं ग्रीन टाउन के प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नेहरू नगर पूर्व की सीवर लाइन की स्थिति का अवलोकन कर आवश्यक सफाई एवं सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने कहा। चंद्रा मौर्या के सामने निर्माणाधीन हाइजीनिक फूड जोन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली। आयुक्त ने कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित खाद्य सुविधा मिल सके। इसके अलावा पावर हाउस जवाहर मार्केट में प्रस्तावित कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ कराने कहा। वार्ड क्रमांक 22 कुरूद में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं ग्रीन टाउन के प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने इन्हें प्राथमिकता से आगे बढ़ाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त डीके को, अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


