ब्रेकिंग न्यूज़

खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का माध्यम : सांसद विजय बघेल

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह संपन्न

अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। भिलाई। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह गुरुवार को कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। 31 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक दुर्ग-भिलाई में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अपने स्कूली जीवन के खेल अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि खेलों से मिले संस्कार और अनुभव जीवनभर मार्गदर्शन करते हैं। केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार खेलों के विकास तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसके परिणामस्वरूप भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तिरंगा गौरवान्वित कर रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेष अतिथि दुर्ग महापौर अलका बघमार ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समापन अवसर पर विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एसएनजी एवं सेजेस बालाजी नगर भिलाई के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के.वी. राव, सहायक संचालक के.के. शुक्ला, सहायक संचालक खेल कल्पना स्वामी सहित विभिन्न संभागों के दल प्रबंधक, व्यायाम शिक्षक, ऑफिशियल्स एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। संचालन ममता ध्रुव एवं नरोत्तम साहू ने किया।

Related Articles

Back to top button