लालमैदान में मातारानी के भव्य पंडाल का भूमिपूजन, 55वें वर्ष में प्रवेश करेगा दुर्गोत्सव
रंगीलो राजस्थान’ थीम पर सजेगा भव्य पंडाल, भूमिपूजन के साथ नवरात्र उत्सव की तैयारियां शुरू

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। भिलाई। लालमैदान के पवित्र प्रांगण में आगामी शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया। सुभाष नवयुवक जागृति समिति, लालमैदान, पावरहाउस द्वारा मातारानी के भव्य पंडाल निर्माण से पूर्व कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विधि-विधान से भूमिपूजन कराया गया। भूमिपूजन के साथ ही लालमैदान दुर्गोत्सव के भव्य आयोजन का औपचारिक आगाज हो गया।समिति पिछले 54 वर्षों से लालमैदान में शारदीय नवरात्र उत्सव का आयोजन करती आ रही है और इस वर्ष दुर्गोत्सव अपने 55वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। लालमैदान का दुर्गा पंडाल भिलाई-दुर्ग अंचल सहित छत्तीसगढ़ में अपनी अलग पहचान रखता है। नवरात्र के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मातारानी के दर्शन और भव्य पंडाल देखने पहुंचते हैं। भूमिपूजन का कार्यक्रम पंडित बृजवासी जी महाराज एवं पंडित बद्रीनाथ जी ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया। पूजा के बाद समिति की ओर से ‘जय माता दी’ संदेश लिखे रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। इस दौरान ‘जय माता दी’, ‘जय भवानी’ और ‘लालमैदान महारानी की जय’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। इस वर्ष मातारानी के पंडाल की थीम ‘रंगीलो राजस्थान’ रखी गई है। पंडाल में राजस्थान की कला, संस्कृति, परंपराओं और विविध रंगों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके माध्यम से ‘विविधता में एकता’ का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।भूमिपूजन कार्यक्रम में पावरहाउस के व्यापारी, क्षेत्रवासी, पत्रकार, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। भूमिपूजन के बाद अब पंडाल निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी दिनों में पश्चिम बंगाल से आने वाले कारीगरों द्वारा भव्य पंडाल निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
Subscribe to my channel


