ब्रेकिंग न्यूज़

छत्तीसगढ़ के स्काउट्स ने नेपाल के प्रतिभागियों से की सौहार्दपूर्ण मुलाकात

सांस्कृतिक साझेदारी व दर्शनीय स्थलों पर हुआ प्रेरक संवाद

लखनऊ। लखनऊ में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में केंद्रीय विद्यालय दुर्ग एवं रायपुर संभाग की स्काउट–गाइड टीम गर्व के साथ छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रही है। स्काउट टीम में सुजल वर्मा, ऋषभ वर्मा, ऋषभ चतुर्वेदी, शिवम राय, मोनिश लैशर, संभव प्रताप उपाध्याय, आदर्श कुमार और कृष्णकांत शामिल हैं। वहीं गाइड टीम में साक्षी साहू, अनुष्का शर्मा, गरिमा वर्मा, रिया ठाकुर, आरुषि साह, ज्योति बांधे, मानवी सोनी और अनुग्रह बंजारे प्रतिभागी के रूप में भाग ले रही हैं। दल का नेतृत्व अनुरक्षक शिक्षक डॉ. अजय आर्य एवं डॉ. मोना अली कर रहे हैं। आज विद्यार्थियों ने पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के स्काउट प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण और सौजन्य भेंट की। दोनों देशों की टीमों ने परंपराओं, संस्कृति और मित्रता को मजबूत करने पर सारगर्भित चर्चा की। मुलाकात के दौरान भारत–नेपाल की ऐतिहासिक समानताओं तथा साझा विरासत पर विचार व्यक्त किए गए। विद्यार्थियों ने नेपाल के जनकपुर, काठमांडू, पशुपतिनाथ मंदिर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक–सांस्कृतिक स्थलों पर चर्चा की, वहीं छत्तीसगढ़ के चित्रकोट जलप्रपात, बस्तर, सिरपुर, दंतेश्वरी मंदिर और डोंगरगढ़ की माँ बमलेश्वरी की महत्ता से नेपाल के प्रतिभागियों को परिचित कराया। दोनों देशों के स्काउट्स ने भारत और नेपाल की मुद्रा का अवलोकन कर आदान–प्रदान भी किया, जो भविष्य की मित्रता का प्रतीक बन गया। इस अवसर पर डॉ. अजय आर्य ने पूर्व राज्य प्रशिक्षण आयुक्त डॉ. वी. के. तिवारी से औपचारिक मुलाकात कर जंबूरी शिक्षा, प्रशिक्षण के आयामों और स्काउटिंग के मूल्यों पर विस्तृत चर्चा की। डॉ. तिवारी ने कहा— “जंबूरी केवल आयोजन नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों का वास्तविक विद्यालय है, जहां साझा जीवन, सहयोग और संवेदना चरित्र निर्माण की आधारशिला बनते हैं।” छत्तीसगढ़ और नेपाल के स्काउट्स के बीच यह सार्थक मित्रता नई पीढ़ी को वैश्विक सद्भाव, सांस्कृतिक सम्मान और मानवता के मूल्यों से जोड़ने की प्रेरणा दे रही है।

Deepak

Related Articles

Back to top button