ब्रेकिंग न्यूज़

गर्मी से पहले पेयजल संकट से निपटने निगम की तैयारी, 11 एमएलडी फिल्टर प्लांट का संधारण कार्य तेज

दीपक कुमार ब्यूरो चीफ दुर्ग। न्यूज़ 20 भारत

दुर्ग नगर पालिक निगम आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए दुर्ग नगर पालिक निगम द्वारा पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महापौर श्रीमती अलका बाघमार के निर्देश पर शहरभर में पेयजल व्यवस्था से जुड़ी कमियों को दूर किया जा रहा है। इसी क्रम में बस स्टैंड के सामने स्थित शहर के सबसे पुराने 11 एमएलडी फिल्टर प्लांट में संधारण एवं तकनीकी सुधार कार्य प्रगति पर है। आज जल कार्य विभाग प्रभारी श्रीमती लीना दिनेश देवांगन ने विभागीय समिति के सदस्यों के साथ फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण कर जल आपूर्ति व्यवस्था सामान्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद कमल देवांगन, गुलाब वर्मा, जल विभाग अभियंता विनोद मांझी, जल कार्य निरीक्षक नारायण ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि 11 एमएलडी फिल्टर प्लांट दुर्ग शहर का पहला और सबसे पुराना जल शोधन संयंत्र है। पूर्व में इससे पूरे शहर में पानी की आपूर्ति की जाती थी, किंतु आबादी के विस्तार के बाद वर्तमान में इससे शहर के मध्य क्षेत्र के कुछ वार्डों में ही जल सप्लाई की जा रही है। शिक्षक नगर स्थित नई एवं पुरानी टंकियों के माध्यम से तकिया पारा, तमेर पारा, संतरा बाड़ी, पोलसाय पारा और केलाबाड़ी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति होती है। वर्तमान में संधारण कार्य के चलते वैकल्पिक व्यवस्था के तहत रायपुर नाका स्थित बड़े फिल्टर प्लांट से टंकियों को भरकर जल आपूर्ति की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी कार्य शीघ्र पूर्ण कर 11 एमएलडी फिल्टर प्लांट को पूरी क्षमता से चालू किया जाएगा, जिससे गर्मी के मौसम में संबंधित वार्डों में पेयजल आपूर्ति काफी हद तक नियंत्रित एवं सुचारु रहेगी।

Deepak

Related Articles

Back to top button