ब्रेकिंग न्यूज़

भिलाई में नाला,सब्जी मंडी और खेल परिसर का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश बारिश से पहले नाला सफाई, सब्जी मंडी शिफ्ट करने और सड़क निर्माण जल्द शुरू करने पर जोर

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाईनगर। संभाग आयुक्त सत्य नारायण राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-1 नेहरू नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कोसा नाला, राधिका नगर स्थित रिक्त भूखंड, आकाश गंगा सब्जी मंडी एवं प्रियदर्शिनी परिसर स्थित खेल परिसर का बारीकी से अवलोकन किया। राधिका नगर के कोसा नाला में रिटर्निंग वॉल निर्माण का संयुक्त निरीक्षण किया गया। नाले में जलकुंभी पाए जाने पर अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बरसात से पहले इसकी सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या न हो। आकाश गंगा सब्जी मंडी में बढ़ती भीड़ और पार्किंग समस्या को देखते हुए सुपेला थाना के पीछे स्थित रिक्त भूमि का भी निरीक्षण किया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से सब्जी मंडी को इस नए स्थान पर स्थानांतरित करने की योजना पर सहमति बनी। इस दौरान व्यापारियों की समस्याएं भी सुनी गईं। इसके अलावा प्रियदर्शिनी परिसर स्थित खेल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया गया और कार्य को निर्धारित ले-आउट के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रेलवे लाइन के किनारे प्रस्तावित सड़क निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा गया। निगम प्रशासन द्वारा शहर में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय दंडाधिकारी महेश राजपूत, तहसीलदार डीकेश्वर साहू, उपायुक्त डी.के. कोसरिया, जोन आयुक्त अजय राजपूत, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता फत्तेलाल साहू, राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, उप अभियंता पुरूषोत्तम सिन्हा, बसंत साहू, दौलत चंद्राकर, अंकित सक्सेना सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button