ब्रेकिंग न्यूज़

नयन दीप स्कूल में दिखी बच्चों की अद्भुत प्रतिभा, चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण

अनिता मिश्रा/ दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। सिविक सेंटर भिलाई स्थित रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित नयन दीप स्कूल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सीएमओ एवं एचओएम डॉ. उदय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर नेत्र रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ एवं शिशु रोग विशेषज्ञों की टीम ने दृष्टिबाधित बच्चों का चिकित्सीय परीक्षण किया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कुछ बच्चों में खून की कमी पाई गई, जबकि कुछ दृष्टिबाधित बच्चों में आंखों से संबंधित अन्य समस्याएं भी सामने आईं। चिकित्सकों ने बच्चों की जांच कर आवश्यक चिकित्सीय सलाह एवं निदान की दिशा में मार्गदर्शन दिया। डॉ. उदय कुमार ने कहा कि इन बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी समस्याओं को समझने और उनके उपचार में सहयोग करने से आत्मिक आनंद की अनुभूति हुई।

कार्यक्रम में दृष्टिबाधित बच्चों ने गीत, नृत्य एवं विभिन्न वाद्य यंत्रों के वादन की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और समारोह को भावुक एवं अविस्मरणीय बना दिया। इस अवसर पर यह बात विशेष रूप से सामने आई कि दृष्टि बाधित होने के बावजूद बच्चों का जीवन के प्रति दृष्टिकोण बेहद सकारात्मक है। उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्साह समाज के लिए प्रेरणादायी है। कार्यक्रम में कहा गया कि दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के हित में कार्य करने वाली सभी संस्थाएं, चिकित्सक और सहयोगी साधुवाद के पात्र हैं। कार्यक्रम का संचालन सुमन कनौजिया मैडम ने किया। इस दौरान स्कूल के शिक्षक, चिकित्सक, रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button