दुर्ग जिला पंचायत में वर्चुअल लोकार्पण, अटल डिजिटल केंद्र और “नवा तरिया” अभियान को मिली रफ्तार
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। जिला पंचायत दुर्ग में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम के तहत अटल डिजिटल सुविधा केंद्र और “नवा तरिया-आय के जरिया” अभियान को गति मिली। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने की, जिसमें जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव स्तर पर ही बैंकिंग व शासकीय सेवाएं उपलब्ध होंगी। इनमें नकद जमा-निकासी, मनी ट्रांसफर, बिजली-पानी बिल भुगतान, जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, आधार सेवाएं, पेंशन, बीमा और प्रधानमंत्री किसान योजना की सुविधाएं शामिल हैं। इससे ग्रामीणों को विकासखंड या जिला मुख्यालय जाने की जरूरत कम होगी।“नवा तरिया” अभियान के तहत मनरेगा अंतर्गत सामुदायिक तालाबों का निर्माण व जीर्णोद्धार किया जा रहा है, जिससे जल संरक्षण, भूजल संवर्धन और ग्रामीण आय में वृद्धि होगी। महिला स्व-सहायता समूहों को प्रबंधन देकर सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं मछली पालन व फसल उत्पादन से आय के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 5 हितग्राहियों को पक्के आवास की चाबी सौंपी गई। कार्यक्रम में विभिन्न अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Subscribe to my channel


