नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध महिलाओं के सम्मान के खिलाफ- भोजराज सिन्हा
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर हुए हालिया घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण विधेयक पर विपक्ष का विरोध महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति उनकी नकारात्मक सोच को दर्शाता है। श्री सिन्हा ने कहा कि यह मुद्दा किसी एक दल का नहीं, बल्कि देश की करोड़ों माताओं-बहनों के अधिकार, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस पर राजनीति करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई दशकों में कांग्रेस ने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास नहीं किए, बल्कि कई बार उनके अधिकारों को सीमित करने का कार्य किया। इसके विपरीत, वर्तमान में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में समान अवसर मिल रहे हैं। श्री सिन्हा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इसका विरोध करना न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि देश की प्रगति में बाधा डालने का प्रयास भी है। उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन से आग्रह किया कि वे संकीर्ण राजनीति से ऊपर उठकर महिलाओं के हित में इस ऐतिहासिक निर्णय का समर्थन करें। अंत में उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में वह ऐसे रवैये का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
Subscribe to my channel


