ब्रेकिंग न्यूज़

रानी अवंती बाई सरोवर पर भू-माफियाओं की नजर, विधायक रिकेश सेन ने CM से की उच्चस्तरीय जांच की मांग

दीपक कुमार ब्यूरो चीफ दुर्ग। न्यूज़ 20 भारत

दीपक कुमार ब्यूरो चीफ दुर्ग/भिलाई नगर। जुनवानी रोड कोहका स्थित ऐतिहासिक रानी अवंती बाई सरोवर पर भू-माफियाओं की नजर पड़ने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने सरोवर के संरक्षण और तालाब की जमीन को लेकर किए जा रहे दावों की उच्चस्तरीय प्रशासनिक जांच कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। विधायक सेन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान ही नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकास की आड़ में यदि जल स्रोतों को समाप्त किया गया, तो आने वाले समय में जल संकट और गहरा सकता है। अक्सर देखा जाता है कि ऐतिहासिक तालाबों को ‘निजी जमीन’ घोषित कर उनके अस्तित्व को खत्म करने की कोशिश की जाती है। कोहका स्थित इस सरोवर के साथ भी ऐसा ही प्रयास किया जा रहा है। मामला न्यायालय तक पहुंच चुका है, लेकिन हाल ही में बिल्डरों और भू-माफियाओं की सक्रियता बढ़ने से स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों में चिंता बढ़ गई है। विधायक रिकेश सेन ने कहा कि तालाब के आसपास की जमीन का सीमांकन और राजस्व अभिलेखों की जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सरोवर भी कंक्रीट के जंगल में तब्दील हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि वे पहले भी विधानसभा में शासकीय जमीनों के संरक्षण का मुद्दा उठा चुके हैं, जिससे उनकी इस विषय पर गंभीरता स्पष्ट होती है। स्थानीय लोगों के लिए रानी अवंती बाई सरोवर केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि उनकी सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा है। ऐसे में इसकी निष्पक्ष जांच और संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button