जल-दूत ऐप से जल संरक्षण को बढ़ावा, 300 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर जिले के सभी 300 ग्राम पंचायतों एवं उनके आश्रित ग्रामों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं में ‘नवा तरिया आय के जरिया’, जनगणना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्ग बजरंग कुमार दुबे के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकारी अनिवार्य रूप से शामिल हुए, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली। ग्राम सभाओं में ‘संपदा’ ऐप में परिसंपत्तियों का अपलोड, ‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान के तहत जल संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन, तथा अन्य योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही जनगणना के लिए स्वयं गणना पत्रक भरने की प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार ग्राम सभाओं में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को आमंत्रित कर शासन की योजनाओं की जानकारी साझा की गई। ‘बिहान’ योजना के तहत लखपति दीदियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान किया गया, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मनरेगा के माध्यम से आजीविका बढ़ाने के उपायों पर सुझाव लिए गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में संचालित “मोर गांव मोर पानी महाअभियान” के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत भवन की दीवारों पर जलस्तर की जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। ‘जल-दूत’ मोबाइल ऐप के माध्यम से जलस्तर से संबंधित आंकड़े संकलित कर पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं तथा एकरूपता के साथ दीवार लेखन कार्य किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीणों में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं भू-जल पुनर्भरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। ग्राम पंचायत रसमड़ा में आयोजित ग्राम सभा में भी ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उल्लेखनीय है कि 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जाता है। ग्रामीणों से ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की गई है।
Subscribe to my channel


