नवा तरिया – आय के जरिया” अभियान से दुर्ग में जल संरक्षण को नई रफ्तार
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। जिले में परंपरागत जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत “नवा तरिया – आय के जरिया” अभियान के अंतर्गत तालाब निर्माण कार्यों को तेजी दी गई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में जिले की चयनित ग्राम पंचायतों में सामुदायिक जल संचयन संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों में नवा तरिया निर्माण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाजों और देवपूजन के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम कलेक्टर अभिजीति सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। जनपद पंचायत दुर्ग के अंतर्गत ग्राम पंचायत बोरई में सरपंच श्री उमेश्वर राजू यादव की उपस्थिति में लगभग 4000 वर्गमीटर क्षेत्र में तालाब निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। लगभग 19 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह तालाब करीब 7 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्रदान करेगा तथा 5130 से अधिक मानव दिवस का सृजन करेगा। इसी तरह एक अन्य नवा तरिया निर्माण कार्य भी लगभग 4000 वर्गमीटर क्षेत्र में प्रारंभ किया गया है, जिसकी लागत लगभग 19 लाख रुपए है। इस कार्य से 4463 मानव दिवस का सृजन होगा और लगभग 100 परिवारों को रोजगार मिलेगा। साथ ही 7 से 8 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होगी। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना कर कार्यों की शुरुआत की। इस पहल से जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे।कलेक्टर अभिजीति सिंह ने कहा कि तालाब सदियों से जल संरक्षण का प्रभावी माध्यम रहे हैं। “नवा तरिया – आय के जरिया” अभियान के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल जल संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिससे जल उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को मछली पालन जैसी आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि इस अभियान के तहत जल संरक्षण के साथ-साथ रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है और कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है। इस अवसर पर जनपद पंचायत दुर्ग सदस्य मिलंतिन ठाकुर, सरपंच संघ अध्यक्ष ओमेश्वर राजू यादव, पंच भूषण यादव, रविशंकर साहू, राजकुमार साहू, गोवर्धन साहू, पूर्व जनपद सदस्य प्रीति लाल ठाकुर तथा तकनीकी सहायक श्रीमती दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel


