ब्रेकिंग न्यूज़

वैशाली नगर में ‘लक्ष्मी’ के स्वागत की अनूठी पहल : विधायक रिकेश सेन देंगे ‘माँ का दुलार’ किट

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग भिलाई नगर। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में बेटियों के जन्म को उत्सव का रूप देने की दिशा में विधायक रिकेश सेन ने एक भावनात्मक और सराहनीय पहल की शुरुआत की है। उन्होंने “माँ का दुलार – माँ शिशु सुरक्षा कवच” योजना का शुभारंभ करने की घोषणा की है। इस योजना के अंतर्गत 1 मई (मजदूर दिवस एवं बुद्ध पूर्णिमा) के बाद जन्म लेने वाली प्रत्येक बेटी को विधायक की ओर से एक विशेष ‘गिफ्ट ट्रॉली सूटकेस’ प्रदान किया जाएगा, जिसमें नवजात शिशु और उसकी माँ के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध होगी। बेटी के ‘चाचा’ की भूमिका निभाने की इच्छा योजना की जानकारी देते हुए विधायक रिकेश सेन ने कहा कि उन्होंने स्वयं अभावों में जीवन बिताया है और माताओं को कठिन परिस्थितियों में बच्चों की देखभाल करते देखा है। उनका उद्देश्य है कि क्षेत्र की हर नवजात बेटी को बेहतर शुरुआत मिले। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वे हर बेटी के ‘चाचा’ बनकर अपना दायित्व निभाना चाहते हैं। किट में क्या-क्या मिलेगा? इस विशेष ट्रॉली सूटकेस में 25 से अधिक उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री शामिल की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11 हजार रुपये है। शिशु के लिए : आधुनिक पैडेड लंगोट, सॉफ्ट कंबल, स्वेटर, मोजे, कैप, तौलिया, बेबी केयर किट (लोशन, साबुन, शैम्पू), मालिश तेल, दूध की बोतल, खिलौने और नामकरण के लिए विशेष ड्रेस। माता के लिए : पौष्टिक आहार हेतु ड्राई फ्रूट्स (खजूर, खुमानी), शॉल, बेडशीट, मोजे, सेनेटरी पैड और नहाने का साबुन। स्वच्छता के लिए : बर्तन और कपड़े धोने के साबुन, बेबी वाइप्स और वाटरप्रूफ मैट। 1 मई से लागू होगी योजना यह योजना 1 मई 2026 से लागू होगी और इसका लाभ वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में जन्म लेने वाली सभी बेटियों को मिलेगा। यह पूरी तरह निःशुल्क है और विशेष रूप से मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। समाज में सकारात्मक संदेश स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बेटियों के प्रति समाज की सोच बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह योजना न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करेगी, बल्कि बेटी के जन्म को सम्मान और खुशी के साथ मनाने का संदेश भी देगी।

Related Articles

Back to top button