बुद्ध पूर्णिमा पर कछला गंगा घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़,लगाई आस्था की डुबकी
दीपक कुमार ब्यूरो चीफ। न्यूज़ 20 भारत

उत्तर प्रदेश/न्यौली/कासगंज। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर मां गंगा कछला घाट पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब 5 बजे से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया, जो दिन चढ़ने के साथ हजारों में पहुंच गया। घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा और “हर-हर गंगे” के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा, वहीं वाहनों की लंबी कतारों के चलते आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया।
श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य कर धर्म लाभ अर्जित किया। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। बुद्ध पूर्णिमा भगवान गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की स्मृति में मनाया जाने वाला पावन पर्व है। इस दिन का विशेष महत्व बौद्ध धर्म के साथ-साथ हिंदू परंपरा में भी माना जाता है। श्रद्धालु इस अवसर पर ध्यान, साधना और दान-पुण्य कर आध्यात्मिक शांति की कामना करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन गंगा स्नान, भगवान विष्णु की पूजा एवं चंद्रमा को अर्घ्य देने से मानसिक शांति और पुण्य की प्राप्ति होती है। साथ ही यह पर्व करुणा, अहिंसा और मध्यम मार्ग अपनाने का संदेश देता है।
Subscribe to my channel


