ब्रेकिंग न्यूज़

भिलाई में 3 मई को होगा “रवीन्द्र उत्सव–2026”, गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर की 165वीं जयंती पर विशेष आयोजन

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। गीत वितान कला केंद्र, भिलाई (छत्तीसगढ़) (स्कूल ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स) द्वारा रवीन्द्र जयंती के पावन अवसर पर “रवीन्द्र उत्सव–2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन महान कवि, साहित्यकार एवं नोबेल पुरस्कार विजेता रवीन्द्रनाथ ठाकुर की 165वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य गुरुदेव के जीवन-दर्शन एवं सृजन को जन-जन तक पहुँचाना है। यह विशेष कार्यक्रम 3 मई 2026 को सायं 6:30 बजे महात्मा गांधी कला मंदिर सभागृह, सिविक सेंटर, भिलाई में आयोजित होगा।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक डॉक्यूमेंट्री नाट्य प्रस्तुति होगी, जिसमें कविगुरु के प्रेरणादायक जीवन को विविध कलात्मक माध्यमों के जरिए सजीव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रस्तुति में रवीन्द्र संगीत, रवीन्द्र नृत्य, सजीव कथावाचन एवं नाट्य मंचन का समन्वय रहेगा, जिसके माध्यम से दर्शकों को उनके जीवन के विभिन्न आयामों से परिचित कराया जाएगा। कार्यक्रम में रवीन्द्रनाथ ठाकुर के बहुआयामी व्यक्तित्व—साहित्यकार, शिक्षाविद, चित्रकार, दार्शनिक, प्रकृति-प्रेमी, देशभक्त एवं नारी सशक्तिकरण के समर्थक—का प्रभावशाली चित्रण किया जाएगा। यह आयोजन भिलाई स्टील प्लांट, ऑफिसर्स एसोसिएशन (बीएसपी), बैंक ऑफ बड़ौदा भिलाई, एनएसपीसीएल भिलाई एवं एफएसएनएल भिलाई के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गजेन्द्र यादव (कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन) उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में मोना सेन (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम, राज्य मंत्री दर्जा), प्रो. डॉ. संजय तिवारी (कुलपति, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग), डॉ. आर.आर.बी. सिंह (कुलपति, दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग), पवन कुमार (कार्यपालक निदेशक, मानव संसाधन, भिलाई इस्पात संयंत्र) एवं नील कुमार शर्मा (मुख्य महाप्रबंधक एवं व्यापार इकाई प्रमुख, एनएसपीसीएल, भिलाई) शामिल रहेंगे। आयोजन समिति के सदस्यों—नरेंद्र कुमार बंछोर, रजनी सिन्हा, वी. के. मोहम्मद, मिथुन दास, सुधेंदु बागची, सोमेन कुंडू, प्रदीप कुमार मित्रा, चंद्रा बनर्जी, रचना श्रीवास्तव, शक्ति चक्रवर्ती एवं डॉ. रमेश कुमार सोनवणे—ने शहर के कला एवं साहित्य प्रेमियों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button