मां-शिशु सुरक्षा कवच योजना: नवजात बालिका को सुरक्षा किट भेंट-विधायक
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई नगर। माता एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रारंभ की गई मां-शिशु सुरक्षा कवच योजना के अंतर्गत क्षेत्र में जन्म लेने वाली प्रत्येक बालिका एवं उनकी माताओं को 11,000 रुपये की लागत की सुरक्षा किट निःशुल्क प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल में जन्मी नवजात बालिका को सुरक्षा किट भेंट की गई। इस अवसर पर विधायक रिंकेश सेन स्वयं किट लेकर अस्पताल पहुंचे और नवजात के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बालिका की माता रंभा देवी एवं पिता नीतीश यादव को घर में लक्ष्मी के आगमन पर शुभकामनाएं दीं। विधायक सेन ने कहा कि यह योजना माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे बालिकाओं को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं, और उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पालन-पोषण के लिए इस प्रकार की योजनाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उल्लेखनीय है कि यह योजना बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य भी कर रही है।
Subscribe to my channel


