पानी-सफाई समस्या पर सख्त हुए विधायक देवेंद्र यादव, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश जनता से भेंट-मुलाकात में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को मौके पर ही किए निर्देशित
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने सेक्टर-5 स्थित अपने कार्यालय में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पानी और सफाई से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने निगम एवं बीएसपी अधिकारियों से चर्चा कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।सेक्टर-6 एचएससीएल कॉलोनी के रहवासियों ने विधायक को अवगत कराया कि उनके प्रयासों से बीएसपी प्रबंधन द्वारा बिजली कनेक्शन तो उपलब्ध करा दिया गया है, लेकिन अब आवासों तक पेयजल पहुंचाने में समस्या आ रही है।
इस पर विधायक यादव ने पाइपलाइन विस्तार कर जल्द से जल्द पानी की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में कांकेर, धमतरी और राजनांदगांव सहित अन्य जिलों से आए युवाओं ने रोजगार एवं शिक्षा से संबंधित मुद्दों को उठाया। विधायक ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। साथ ही सतनामी, साहू समाज एवं बौद्ध समाज के पदाधिकारियों ने भी विधायक से सौजन्य भेंट की। विधायक देवेंद्र यादव ने कहा, “जनता की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर मुद्दे पर गंभीरता से कार्य करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” उन्होंने यह भी कहा कि जनता से नियमित भेंट-मुलाकात का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
Subscribe to my channel


