ब्रेकिंग न्यूज़

तीन राज्यों में भाजपा की जीत पर दुर्ग में जश्न, विधायक ललित चंद्राकर के निवास पर गूंजे ढोल-नगाड़े

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) श्री ललित चंद्राकर के निवास कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ जीत का जश्न मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम में विधायक श्री चंद्राकर ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आमजनों को इस ऐतिहासिक जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री चंद्राकर ने कहा कि यह विजय त्याग, तपस्या और अडिग विश्वास की जीत है, जो जन-जन के भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने पश्चिम बंगाल से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए बताया कि मंतेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 40 दिनों तक प्रवास कर उन्होंने संगठन के निर्देश पर कार्य किया और घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाया। वहां से भाजपा प्रत्याशी सैकत पंजा की जीत को उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता ने तुष्टिकरण की राजनीति को नकार कर विकास को चुना है। असम में डबल इंजन सरकार के कार्यों पर मुहर लगी है और पुडुचेरी की जनता ने भी भाजपा पर भरोसा जताया है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र की जीत है। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और गुलाल लगाकर बधाई दी। पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में दुर्ग महापौर श्रीमती अल्का बाघमार, जिला उपाध्यक्ष मनोज सोनी, रितेश जैन, महेश जैन, नरेश शर्मा, पिंटू चोपड़ा, पंकज खरिया, नागेंद्र मोनू चौधरी, विजय जैन, संदीप श्रीवास्तव, पार्षद निलेश अग्रवाल, शेखर चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button