ब्रेकिंग न्यूज़

मोला लव होगे” से नए चेहरों की एंट्री, 8 मई को छत्तीसगढ़ में होगी भव्य रिलीज़

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा में एक नई पेशकश के रूप में फिल्म “मोला लव होगे” 8 मई को पूरे प्रदेश में रिलीज़ होने जा रही है। अनुमोद फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता-निर्देशक अनुमोद राजवैद्य हैं, जिन्होंने इसे एक अलग तरह की रोमांटिक और पारिवारिक फिल्म बताया है। फिल्म की खासियत यह है कि इसमें कई नए कलाकारों को मौका दिया गया है। मुख्य भूमिका में नवोदित अभिनेता आयुष राजवैद्य नजर आएंगे, जिन्होंने अपने नाटकों के जरिए पहले ही पहचान बनाई है। वहीं, भानुप्रतापपुर की निरांजली गोस्वामी इस फिल्म से छत्तीसगढ़ी सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं। इसके साथ ही फिल्म में सुपरस्टार करन खान, रजनीश झांझी, संजय महानंद, पुष्पेंद्र सिंह, जागेश्वरी मेश्राम और विक्रम राज जैसे अनुभवी कलाकारों की भी अहम भूमिकाएं हैं। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में पहली बार करन खान और रजनीश झांझी एक साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। फिल्म की कहानी और पटकथा स्वयं अनुमोद राजवैद्य ने लिखी है। संगीत प्रदीप साठिया और ओमकार चौहान ने दिया है, जबकि गीतों को शेख अमीन, अनुराग शर्मा, सुनील सोनी, कंचन जोशी, दीक्षा धनगर और दीपिका धनगर ने अपनी आवाज दी है। फिल्म के गीत “डॉट टच माय गगरी”, “मोला मुंबई घुमा दे राजा” और “नैना रे नैना” दर्शकों के बीच पहले से ही लोकप्रिय हो रहे हैं। पूरी फिल्म की शूटिंग छत्तीसगढ़ की खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है, जिसे डीओपी राजू देवदास ने शानदार तरीके से कैमरे में कैद किया है। यह फिल्म एक ऐसे युवा वर्ग की कहानी दिखाती है जो आधुनिक होने के बावजूद अपनी पारिवारिक जड़ों से जुड़ा हुआ है। फिल्म में रोमांस, एक्शन, कॉमेडी, थ्रिल और सस्पेंस का मिश्रण है, जिससे यह पूरी तरह पारिवारिक फिल्म बनती है। इसे दर्शक अपने परिवार के साथ आसानी से देख सकते हैं। पत्रकारों से चर्चा के दौरान फिल्म के कलाकार आयुष राजवैद्य, निरांजली गोस्वामी, रजनीश झांझी, संजय महानंद, फिल्म वितरक सतीश जैन और निर्माता-निर्देशक अनुमोद राजवैद्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button