ब्रेकिंग न्यूज़

मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह में गरिमामय आयोजन, जरूरतमंद परिवारों को मिला सहारा

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। सिविल लाइन स्थित विवेकानंद भवन में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में शहर विधायक एवं केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। इस अवसर पर गायत्री परिवार के आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हो रहे विवाह संस्कार की उन्होंने सराहना की तथा सभी नवविवाहित जोड़ों से मिलकर उन्हें सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान किया। मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में 19 जोड़े एक ही मंडप में दांपत्य सूत्र में बंधे। आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवारों ने इस योजना का लाभ उठाया। सामाजिक एवं धार्मिक परंपराओं के अनुरूप हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में यह आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि शासन की यह महत्वाकांक्षी योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने नवदंपत्तियों को शुभाशीष देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वधुओं के बैंक खातों में 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की गई, जिससे उनके नए जीवन की मजबूत शुरुआत सुनिश्चित हो सके। मंत्री श्री यादव ने कहा कि ऐसे सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज में समानता, सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं तथा सामाजिक कुरीतियों को कम करने में भी सहायक हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं संबंधित विभाग को बधाई दी।कार्यक्रम में सभापति श्याम शर्मा, पार्षद कांशीराम कोसरे, कमल देवांगन, मनीष कोठारी, सरस निर्मलकर, साजन जोसफ, अनिकेत यादव एवं श्रीमती सुमन वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button