बेमेतरा में भाजपा का विजय उत्सव, सांसद विजय बघेल का भव्य स्वागत असम में ऐतिहासिक जीत के बाद बेमेतरा पहुंचे सांसद विजय बघेल, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग । दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद विजय बघेल अपने संसदीय क्षेत्र अंतर्गत बेमेतरा जिले के प्रवास पर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन द्वारा उनका अत्यंत भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं, जयघोष और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल निर्मित हो गया। गौरतलब है कि सांसद विजय बघेल ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ किया। उन्होंने जनसभाओं, बैठकों एवं घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से असम विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान डिब्रूगढ़ एवं डिगबोई विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी के रूप में उन्होंने प्रभावी रणनीति एवं कुशल नेतृत्व का परिचय दिया।उनके मार्गदर्शन एवं संगठनात्मक क्षमता के परिणामस्वरूप भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने पूर्ण बहुमत के साथ ऐतिहासिक विजय दर्ज की। इस सफलता के लिए सांसद बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं समस्त मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनता के विश्वास एवं भाजपा की नीतियों की जीत बताया। भाजपा को पश्चिम बंगाल, असम एवं पांडिचेरी विधानसभा चुनावों में मिली शानदार सफलता को लेकर बेमेतरा जिले में व्यापक उत्साह देखने को मिला। इस अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में जिले में भव्य विजय उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने भाग लिया। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल के साथ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, विधायक दीपेश साहु, ईश्वर साहु सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पार्टी के नेतृत्व एवं नीतियों पर विश्वास व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान जोरदार आतिशबाजी, पटाखों की गूंज एवं मिठाइयों के वितरण के साथ खुशी का इजहार किया गया। पूरे जिले में हर्ष और उल्लास का माहौल देखने को मिला तथा कार्यकर्ताओं में आगामी चुनावों के लिए नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ।
Subscribe to my channel


