ब्रेकिंग न्यूज़

सड़क सुरक्षा को लेकर सांसद विजय बघेल की पहल, अधिकारियों को दिलाई शपथ

अनिता मिश्रा/दीपक कुमार। विशेष संवादाता

दुर्ग। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद श्री विजय बघेल ने आज सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली असामयिक मृत्यु के आंकड़ों पर गहरी चिंता व्यक्त की। सांसद विजय बघेल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुकी हैं, जिनमें अधिकांश हादसे लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण होते हैं। उन्होंने विशेष रूप से चार पहिया वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने और दो पहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट न पहनने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियों को छीन सकती है। उन्होंने लोगों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि जब भी कोई व्यक्ति घर से निकलता है, तो उसके परिवार के सदस्य उसके सुरक्षित लौटने का इंतजार करते हैं। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता ही नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है।सांसद विजय बघेल ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाना न केवल स्वयं के जीवन के लिए खतरा है, बल्कि अन्य लोगों की जान को भी जोखिम में डालता है। उन्होंने प्रशासन से इस पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली। सांसद श्री बघेल ने विश्वास जताया कि इस तरह के जनजागरूकता अभियानों से निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों का जीवन सुरक्षित होगा। अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने का परिचय दें।

Related Articles

Back to top button